Veer Vats (AKJ)
Ranchi: झारखंड में स्थापना दिवस काफी धूम-धाम से मनाया जा रहा है. रांची के मोरहाबादी से लेकर झारखंड के सभी जिलों में उत्सव देखा जा रहा है. जाहिर है इन सभी चीजों के लिए राज्य सरकार के खजाने से खर्च की व्यव्स्था की गयी थी. ऐसा होना स्वाभाविक भी है. राज्य सरकार की तरफ से न्यायपालिका खेमे के लिए भी रांची में स्थापना दिवस के मौके पर काफी भव्य व्यवस्था की गयी थी. रांची के मशहूर होटल बीएनआर में सारी तैयारी की गयी थी. व्यवस्था 14 नवंबर रात की थी. समारोह की भव्यता इस बात से समझी जा सकती है कि सिर्फ एक वक्त के डिनर के प्लेट का रेट करीब 8000 रुपए था. और यह व्यवस्था सिर्फ एक व्यक्ति के लिए नहीं बल्कि 300 लोगों के लिए था. इसलिए देश के सभी गार्जियन चाहते हैं कि उनका बच्चा बड़ा होकर जज बने. देश के न्यायिक प्रक्रिया का हिस्सा बने. ताकि वो भी सिर्फ एक वक्त के डिनर के लिए करीब पच्चिस लाख रुपए राज्य सरकार से खर्च करवा सके.
जजों के लिए प्राइवेट प्लेन की व्यवस्था
14 नवंबर को बीएनआर होटल की पार्टी में शामिल होने के लिए देश के सुप्रीम कोर्ट के जज आर महादेवन और उनकी पत्नी के लिए स्पेशल हेलीकॉप्टर की व्यवस्था की गयी. 14 नवंबर को देवघर से रांची आने के लिए राज्य सरकार की तरफ से नागर विमानन प्रभाग को आवेदन दिया गया. कहा गया कि 14 नवंबर को 11 बजे सुबह देवघर से रांची आने के लिए विशेष विमान की व्यवस्था की जाए. जानकारों ने बताया कि देवघर से रांची विशेष विमान के लिए राज्य सरकार के खजाने से करीब दो लाख खर्च हुए.
वहीं राज्य सरकार की तरफ से नागर विमानन प्रभाग को एक स्पेशल प्लेन की भी व्यवस्था करने कहा गया. यह प्लेन सुप्रीम कोर्ट के जज जस्टिस सुर्यकांत और उनकी पत्नी के लिए था. दोनों को रांची से तिरुपति जाना था. राज्य सरकार की तरफ से विमानन प्रभाग को लिखा गया कि 15 नवंबर दोपहर दो बजे एक स्पेशल प्लेन की व्यवस्था की जाए. जिससे जस्टिस सुर्यकांत और उनकी पत्नी तिरुपति जाएंगे. सूत्रों ने बताया कि फिर यही स्पेशल प्लेन उन्हें तिरुपति से दिल्ली भी लेकर गया. जिसका खर्च भी राज्य सरकार की तरफ से किया गया. खर्च के बारे में पता करने पर पता चला कि देवघर से रांची के लिए हेलीकॉप्टर और रांची से तिरुपति, फिर तिरुपति से दिल्ली जाने के लिए स्पेशल प्लेन का खर्च करीब तीस लाख आएगा. यह सारा खर्च राज्य सरकार की तरफ से किया गया.
एक आंकलन में बताया जा रहा है कि सिर्फ ज्यूडीशरी पर स्थापना दिवस का एक दिन का खर्च करीब एक करोड़ से ज्यादा का आया. जिसमें प्राइवेट प्लेन की व्यवस्था शामिल है. ज्यूडीशरी पर राज्य सरकार की इतनी मेहरबानी के बाद कई तरह की बात होना लाजिमी माना जा रहा है.
