Ranchi/Jamshedpur: सरायकेला जिले में एक इंस्पेक्टर के कथित प्रभाव और रसूख को लेकर पुलिस महकमे में सवाल उठने लगे हैं. चर्चा है कि इस अधिकारी की पकड़ इतनी मजबूत है कि कप्तान कोई भी हो, जिले में उसकी कथित हनक बरकरार रहती है. यही वजह है कि उसके प्रभाव को लेकर विभाग के भीतर तरह-तरह की चर्चाएं तेज हैं.
मुख्यालय तक पहुंच की चर्चा
सूत्रों के मुताबिक, संबंधित इंस्पेक्टर की कथित पहुंच पुलिस मुख्यालय तक भी बताई जा रही है. यही कारण है कि उसके खिलाफ उठने वाली आवाजें कथित तौर पर दब जाती हैं. हालांकि मुख्यालय में उसकी किसी विशेष पकड़ या प्रभाव की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. सवाल यह है कि आखिर ऐसा क्या है, जो उसे लगातार इतना प्रभावशाली बनाए हुए है?
अवैध गतिविधियों से जुड़ाव के आरोप
सबसे गंभीर चर्चा जिले में चल रही कथित अवैध गतिविधियों को लेकर है. सूत्रों का दावा है कि जिले में सक्रिय विभिन्न अवैध कारोबार और गतिविधियों में इस इंस्पेक्टर की कथित संलिप्तता या संरक्षण की बात कही जा रही है. यदि ये आरोप सही हैं, तो यह केवल किसी एक अधिकारी का मामला नहीं, बल्कि पूरे पुलिस तंत्र की निगरानी और जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े करता है.
कप्तान बदलते रहे, असर कायम?
पुलिस महकमे में चर्चा है कि जिले की कमान संभालने वाले अधिकारी बदलते रहे, लेकिन संबंधित इंस्पेक्टर का कथित प्रभाव बना रहा. आखिर इसके पीछे कौन-सा समीकरण है? क्या यह केवल प्रशासनिक अनुभव और विभागीय पकड़ है या पर्दे के पीछे कोई और कहानी है?
इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है. ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या विभाग इस कथित प्रभाव और अवैध गतिविधियों से जुड़े आरोपों की निष्पक्ष जांच कराएगा? जांच के बाद ही तस्वीर साफ होगी.

