Bengaluru: कर्नाटक की राजधानी बंगलुरु में एयरो इंडिया 2025 में रक्षा मंत्रियों के सम्मेलन को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने संबोधित किया है. इस दौरान उन्होंने कहा, भारत ने लंबे समय से शांति, सुरक्षा और विकास के दृष्टिकोण का समर्थन किया है, जो सहयोगात्मक है. रक्षा मंत्री ने आगे कहा, संघर्षों की बढ़ती संख्या ने हमारी दुनिया को और अधिक अप्रत्याशित बना दिया है. रक्षा मंत्री ने इस मौके पर कहा-इसके अलावा, साइबरस्पेस और आउटर स्पेस के आयाम संप्रभुता की स्थापित परिभाषा को चुनौती दे रहे हैं.
एयरो इंडिया में रक्षा मंत्रियों के सम्मेलन में राजनाथ सिंह ने कहा, भारत का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था, शांति को कमजोर स्थिति से सुनिश्चित नहीं किया जा सकता है. रक्षा में अनुसंधान, विकास, नवाचार के लिए वैश्विक केंद्र के रूप में भारत का उभरना हमारी क्षमताओं का प्रमाण है. भारत की रक्षा कूटनीति स्थायी द्विपक्षीय, बहुपक्षीय संबंधों के निर्माण के लिए हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाती है.
रक्षा मंत्रियों के सम्मेलन की शुरुआत में उन्होंने कहा- आपकी उपस्थिति हमारे हितों की समानताओं के साथ-साथ हमारे मजबूत द्विपक्षीय संबंधों को भी दर्शाती है. दूरियां भले ही हों, लेकिन दोस्त के घर का रास्ता कभी लंबा नहीं होता. इस दौरान रक्षा मंत्री ने कहा, बंगलुरु शहर, जहां हम आज मिल रहे हैं, नवाचार और तकनीकी उत्कृष्टता का केंद्र है, भारत की सिलिकॉन वैली है. उन्होंने कहा- मेरा दृढ़ विश्वास है कि उभरते वैश्विक सुरक्षा परिदृश्य में नवोन्मेषी दृष्टिकोण और मजबूत भागीदारी की आवश्यकता है. वैश्विक मंच पर भारत की भागीदारी सभी के लिए सुरक्षा और विकास को बढ़ावा देने की हमारी प्रतिबद्धता का उदाहरण है.
